बोकारो में सैन्य मातृशक्ति ने मनाया अनूठा सावन मिलन समारोह, देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
बोकारो: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, बोकारो इकाई की सैन्य मातृशक्ति द्वारा आयोजित सावन मिलन समारोह का आयोजन रविवार को जायका रिसोर्ट, बोकारो में बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ।
यह समारोह सावन की हरियाली और उत्सव के रंगों में पूरी तरह डूबा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से की गई, जिसके बाद झूले, कजरी, वीर रस के लोकगीत और देशभक्ति कविताओं से वातावरण पूरी तरह सावनमय हो गया।
महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों, लोकनृत्य और वीरांगनाओं के गीतों की प्रस्तुति दी, तो बच्चों ने भी अपनी रचनात्मकता और उत्साह से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मातृशक्ति की सदस्यों ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की। उन्होंने सावन के महत्व और भगवान शिव की महिमा पर भी अपने विचार साझा किए।
समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली मातृशक्ति की भागीदारी
इस कार्यक्रम के माध्यम से सैन्य समाज की सामाजिक प्रतिबद्धता को एक नई ऊर्जा मिली। मातृशक्ति की अध्यक्ष श्रीमती इंद्रावती दुबे ने कहा कि सावन मिलन न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन है, बल्कि यह हमारी आस्था और परंपराओं को सहेजने का माध्यम भी है।
इन महिलाओं ने निभाई अहम भूमिका
इस अविस्मरणीय समारोह को सफल बनाने में कुमकुम, कंचन शर्मा, राजकुमारी, अनीता कांति, रंजना सिंह, इंदिरा सिंह, शोभा सिंह, सविता सिंह, मुनमुन मुखर्जी, अर्चना, अनीता, संजू चौधरी, वर्षा रानी, मुन्नी कुमारी, चंद्रावती, रीता मिश्रा, रेखा आदि ने प्रमुख योगदान दिया।







