स्कूली बच्चों के बीच बांटे गए आम, लगाए गए पौधे, हुआ पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम
चास :रोटरी क्लब चास ने समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज प्राथमिक विद्यालय स्पेशल हरिजन चास-1 को सर्वांगीण विकास हेतु गोद लिया। इस विशेष अवसर पर क्लब द्वारा विद्यालय में राष्ट्रीय आम दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों के बीच आम वितरित किए गए और बच्चों ने उत्साहपूर्वक रसीले आमों का स्वाद लिया।
रोटरी क्लब चास की अध्यक्ष डिंपल कौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “आम को फलों का राजा कहा जाता है और यह बच्चों व बड़ों सभी के बीच बेहद लोकप्रिय है। राष्ट्रीय आम दिवस का उद्देश्य इस स्वादिष्ट व पौष्टिक फल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। क्लब की सचिव श्वेता ने बताया कि, “आम केवल स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि यह शरीर को पोषण देने वाला फल है, जिससे कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।”
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य मंजुला कुमारी ने रोटरी क्लब का आभार जताते हुए कहा, “इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास में सहायक होते हैं। इससे उन्हें समाज से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।”
कार्यक्रम में बिनोद चोपड़ा, पूजा बैद, कुमार अमरदीप, डॉ. परिंदा सिंह, ललिता चोपड़ा, मंजीत सिंह, गौरव रस्तोगी, ज्योति अग्रवाल, मनप्रीत कौर, चनप्रीत सिंह, हरबंस सिंह, विजय अग्रवाल, कविता मल्लिक, आनंद अग्रवाल, शैल रस्तोगी, संजय बैद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के शिक्षक राजेश सिंह, तपन सर, केश्वरी मेम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।








