12वीं (PCM), इंजीनियरिंग डिप्लोमा एवं दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, डीसी ने समय रहते आवेदन करने की अपील की।
बोकारो | 12 जुलाई 2026 : भारतीय वायु सेना में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। Agniveer Vayu Intake 02/2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने पात्र युवाओं से 26 जुलाई 2026 से पहले आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
भारतीय वायु सेना में भर्ती का सुनहरा अवसर
भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) ने अग्निवीर वायु (INTAKE 02/2027) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती युवाओं के लिए देश सेवा के साथ-साथ सम्मानजनक करियर बनाने का बेहतरीन अवसर है।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित, भौतिकी एवं अंग्रेजी विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर साइंस, इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी सहित संबंधित विषयों में इंजीनियरिंग डिप्लोमा अथवा दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र हैं।
आयु और शारीरिक मानदंड
आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 17.5 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म तिथि 1 जुलाई 2005 से पहले और 2 जनवरी 2010 के बाद नहीं होनी चाहिए। महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। आरक्षित क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
डीसी ने युवाओं से की अपील
उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के योग्य युवाओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों एवं भर्ती संबंधी दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।




