प्रतिबिम्ब ऐप से मिली सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगने की साजिश का खुलासा।
बोकारो | 08 जुलाई 2026 : बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबिम्ब ऐप से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और नकदी बरामद की है। आरोपियों पर बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी की कोशिश करने का आरोप है।
प्रतिबिम्ब ऐप की सूचना पर पुलिस का एक्शन
बोकारो पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 7 जुलाई को साइबर थाना पुलिस, साइबर टीम और तकनीकी शाखा ने संयुक्त छापेमारी कर यह कार्रवाई की। प्रतिबिम्ब ऐप से प्राप्त सूचना के आधार पर पटेलनगर से रोहित कुमार दास और चास के अंबेडकरपुरी से अर्जुन कुमार दास को गिरफ्तार किया गया।
बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी की कोशिश
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर संगठित तरीके से लोगों को बैंक अधिकारी और क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर कॉल करते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से लोगों को झांसे में लेकर ठगी का प्रयास किया जाता था।
छापेमारी में कई सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, 9,400 रुपये नकद तथा कई मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की है। पुलिस इन बरामद सामग्रियों की जांच कर गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस साइबर गिरोह में अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस मामले में साइबर अपराध थाना, बोकारो में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसकी जानकारी मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दी।




