एक ही दिन में चोरी के कई मामलों का खुलासा, दो विधि-विरुद्ध किशोर भी पकड़े गए
रांची | 06 जून 2026
रांची पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बरीयातू थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों और मोबाइल फोन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच चोरी की मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह भी पढ़े : हाईकोर्ट कंटेम्प्ट मामलों पर आईजी सख्त, बोले- छोटी चूक से डीजीपी से एसपी तक को देना पड़ा जवाब
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में बरीयातू थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान 5 जून को रिम्स इमरजेंसी वार्ड के पास दो विधि-विरुद्ध किशोरों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से रिम्स परिसर से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
निशानदेही पर पकड़े गए अन्य आरोपी
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रोहित कुमार सिंह, बुचन कुमार सिंह और अंकित कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। इनके निशानदेही पर सूरज कुमार महतो और समीर मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़े : सड़क सुरक्षा को मिली नई ताकत, वेदांता इलेक्ट्रोस्टील ने ट्रैफिक पुलिस को दिए 6 अल्कोहल टेस्टर
पांच चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, हीरो ग्लैमर, बजाज पल्सर और टीवीएस अपाचे जैसी बाइक शामिल हैं। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।




