आईपीएल स्टार रॉबिन मिंज समेत 17 अनुभवी खिलाड़ी टीम में शामिल, 18वें खिलाड़ी का चयन फैन बेस से होगा
धनबाद | 07 जून 2026
झारखंड टी20 क्रिकेट लीग में इस बार कोयलांचल की अपनी टीम कोयलांचल सुपर किंग्स मैदान में उतरने जा रही है। टीम के गठन और तैयारियों को लेकर शनिवार को धनबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम के मालिक श्याम पांडेय ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य सिर्फ लीग में अच्छा प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि कोयलांचल के उभरते क्रिकेटरों को पहचान और अवसर दिलाना भी है।
यह भी पढ़े : विश्व पर्यावरण दिवस पर ईएसएल स्टील का बड़ा संकल्प, 1000 से अधिक पौधे लगाकर हरित भविष्य का संदेश
श्याम पांडेय ने बताया कि टीम में आईपीएल खिलाड़ी रॉबिन मिंज और अमित कुमार सहित कुल 17 अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ये सभी खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं और टीम की मजबूती बढ़ाएंगे।
फैन बेस से चुना जाएगा 18वां खिलाड़ी
कोयलांचल सुपर किंग्स की सबसे खास पहल यह है कि टीम का 18वां खिलाड़ी फैन बेस चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। इससे क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और पेशेवर क्रिकेट में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
श्याम पांडेय ने कहा कि कोयलांचल क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें सही मंच और अवसर की आवश्यकता है। टीम इसी दिशा में सार्थक प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े : सड़क सुरक्षा को मिली नई ताकत, वेदांता इलेक्ट्रोस्टील ने ट्रैफिक पुलिस को दिए 6 अल्कोहल टेस्टर
हॉटस्टार पर होगा लाइव प्रसारण
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि झारखंड टी20 लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण हॉटस्टार पर किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय दर्शकों के लिए स्टेडियम में मैच देखने हेतु विशेष पास की भी व्यवस्था की जाएगी।
क्षेत्रवासियों से समर्थन की अपील
टीम मालिक ने कोयलांचल के लोगों से टीम का समर्थन करने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कोयलांचल सुपर किंग्स लीग में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम पूरे राज्य में रोशन करेगी।




