ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
धनबाद: जिले के पूटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालीचक स्थित एसएनआर आउटसोर्सिंग कंपनी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 54 वर्षीय सुपरवाइजर रामस्वरूप चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वे गोधरा 4 नंबर के निवासी थे और पिछले चार वर्षों से सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार, रामस्वरूप चौहान ड्यूटी के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद थे, तभी अचानक एक 12 चक्का वाल्वो टिपर की चपेट में आ गए। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन गुड्डू चौहान ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी वाहन उनके कमर के पास से गुजर गया, जिससे उनकी जान चली गई। उन्होंने यह भी कहा कि सुबह वे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर मिल गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक कंपनी की ओर से किसी तरह के मुआवजे को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे परिवार में आक्रोश है।
वहीं, कंपनी के इंचार्ज श्रीराम पांडे ने कहा कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।







