रंगदारी और आर्म्स एक्ट मामलों में वांछित आरोपी को कोर्ट में पेश होने का आदेश, नहीं आने पर होगी संपत्ति कुर्की
धनबाद: झारखंड के धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर इस्तेहार चिपका दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को अदालत में सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बैंक मोड़ थाना में दर्ज कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 में प्रिंस खान समेत उसके सहयोगी गोपी खान और सैयद सैफ नक्बी अब्बास के खिलाफ रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों पर जिले के विभिन्न थानों में कई अन्य संगीन केस भी दर्ज हैं।
लगातार छापेमारी के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय ने इस्तेहार जारी करने का आदेश दिया, जिसके बाद बैंक मोड़ पुलिस ने कमर मखदुमी रोड स्थित आरोपियों के घर पर नोटिस चिपकाया। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर आरोपी अदालत में पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ संपत्ति कुर्की समेत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले पर बैंक मोड़ थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है। न्यायालय के निर्देश के बाद नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कदम से अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और जल्द ही वे कानून के शिकंजे में आएंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी।







