दुर्गा पूजा–दशहरा शांति समिति बैठक: डीसी–एसपी ने दिए सुरक्षा और समन्वय के निर्देश
बोकारो: न्याय सदन स्थित सभागार में गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दुर्गा पूजा और दशहरा (रावण दहन) के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और सामुदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, सभी बीडीओ–सीओ, थाना प्रभारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी का संदेश: श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं पर्व
उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा–दशहरा को श्रद्धा, पवित्रता और सौहार्द के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा समितियों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
डीसी ने निर्देश दिया कि सभी समितियों को पहचान पत्र दिए जाएँगे और शांतिपूर्ण आयोजन पर प्रशासन की ओर से आभार पत्र भी दिया जाएगा।
एसपी के निर्देश: गश्ती बढ़ाएं, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने थाना प्रभारियों और बीडीओ–सीओ को आपसी समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी निभाने को कहा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्ती होगी और जरूरत पड़ने पर मिनी कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे।
ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर ने ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए बदलावों की जानकारी दी।
विशेष सुरक्षा और पंडालों में हेल्प डेस्क
विसर्जन सूर्य सानिध्य में पारंपरिक मार्ग से ही होगा।
डीजे पर प्रतिबंध रहेगा, विसर्जन भजन–कीर्तन और पारंपरिक तरीकों से किया जाएगा।
सभी पूजा पंडालों में हेल्प डेस्क और सूचना–सहायता केंद्र बनाए जाएंगे।
संवेदनशील क्षेत्रों में भड़काऊ गीतों और पोस्टर पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।








