Home NEWS BOKARO तीन स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल, बोकारो युद्ध जैसी स्थिति से...

तीन स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल, बोकारो युद्ध जैसी स्थिति से निपटने को तैयार

0
तीन स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल, बोकारो युद्ध जैसी स्थिति से निपटने को तैयार

तीन स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल, बोकारो युद्ध जैसी स्थिति से निपटने को तैयार

बोकारो, 07 मई 2025
गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार बोकारो जिले के तीन अलग-अलग स्थानों—बीएसएल प्लांट (नगर प्रशासन भवन, सेक्टर-4), आइईएल गोमिया, और जोधाडीह मोड़ चास—में बुधवार को एक साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल युद्धकालीन स्थिति, जैसे हवाई हमला, बमबारी या अग्निकांड जैसी आपदा से निपटने की तैयारी को परखने के उद्देश्य से की गई।

इस अभ्यास की निगरानी उपायुक्त  विजया जाधव एवं पुलिस अधीक्षक  मनोज स्वर्गियारी द्वारा की गई। तीनों स्थानों पर अलग-अलग वरीय पदाधिकारियों ने कमान संभाली। सिविल डिफेंस, अग्निशमन दल, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, होम गार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्कूली छात्र और आम नागरिकों ने भी मॉक ड्रिल में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

शाम 4 बजे तीनों क्षेत्रों में सायरन बजने के साथ मॉक ड्रिल शुरू हुई। बैरिकेडिंग कर इलाके को सील किया गया, घटनास्थल पर बमबारी और आग लगने जैसी स्थिति उत्पन्न की गई। राहत और बचाव दल तुरंत सक्रिय हुए। घायलों को मेक शिफ्ट अस्पतालों में प्राथमिक चिकित्सा दी गई।
फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।

शाम 6 से 7 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट किया गया, जिसमें नागरिकों ने लाइट, इनवर्टर और जनरेटर बंद कर प्रशासन का सहयोग किया। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को निर्देश दिए जाते रहे।

मॉक ड्रिल की संपूर्ण प्रक्रिया का समन्वय अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी  शक्ति कुमार, तथा संबंधित एसडीओ और नियंत्रण कक्षों द्वारा किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि “इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य जनता में जागरूकता लाना और आपातकालीन स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना था। आने वाले समय में और भी अभ्यास किए जाएंगे।”

यह मॉक ड्रिल न केवल सुरक्षा तैयारियों का परीक्षण था, बल्कि नागरिक-सुरक्षा के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता का भी प्रदर्शन।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version