Home NEWS BOKARO शिबू सोरेन के निधन पर बोकारो समाहरणालय में शोकसभा, उपायुक्त सहित अधिकारियों...

शिबू सोरेन के निधन पर बोकारो समाहरणालय में शोकसभा, उपायुक्त सहित अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

0

शिबू सोरेन के निधन पर बोकारो में शोकसभा, उपायुक्त बोले- “झारखंड की माटी के कण-कण में जीवित रहेंगे दिशोम गुरु”

बोकारो।:झारखंड आंदोलन के पुरोधा, भारत की आदिवासी चेतना के महानायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को समाहरणालय परिसर, बोकारो में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। सभा में जिले के वरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत सभी विभागों के प्रमुख एवं कर्मियों ने दिशोम गुरु की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने शोकसभा को संबोधित करते हुए कहा,
“दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल झारखंड के बल्कि भारत के आदिवासी समुदाय की चेतना के प्रतीक थे। उनका जीवन संघर्ष, बलिदान और नेतृत्व भावी पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर रहेगा। झारखंड की माटी के कण-कण में वे सदैव जीवित रहेंगे।”

शोकसभा में डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी और कार्यालय के कर्मीगण उपस्थित रहे।

समस्त प्रशासनिक परिवार ने दिशोम गुरु को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version