Home NEWS GOMIYA उत्क्रमित मध्य विद्यालय खखंडा का भवन क्षतिग्रस्त, एसडीओ ने किया निरीक्षण

उत्क्रमित मध्य विद्यालय खखंडा का भवन क्षतिग्रस्त, एसडीओ ने किया निरीक्षण

0

बोकारो जिले के गोमिया में भारी बारिश से स्कूल भवन को नुकसान, प्रशासन अलर्ट मोड में

बोकारो: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय खखंडा का एक हिस्सा हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। इसे लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। सोमवार को बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुआ ने विद्यालय का निरीक्षण किया और स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ गोमिया बीडीओ महादेव महतो समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे। मौके पर एसडीओ ने पाया कि विद्यालय भवन का एक कमरा पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।


तत्काल प्रभाव से उस कक्ष का उपयोग बंद करने का आदेश

एसडीओ ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त कक्ष का उपयोग तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और सभी कक्षाएं सुरक्षित कमरों में संचालित की जाएं। साथ ही, अस्थायी रूप से मिट्टी व बोल्डर डालकर सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने संबंधित विभाग को कहा कि जब तक स्थायी मरम्मत नहीं होती, आपात सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न घटे।


उपायुक्त ने जताई नाराजगी, मांगी विस्तृत रिपोर्ट

गौरतलब है कि यह मामला रविवार को मीडिया के माध्यम से सामने आया, जिसके बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने तत्परता दिखाते हुए एसडीओ बेरमो को स्थल जांच का निर्देश दिया था। उन्होंने शिक्षा विभाग से यह भी पूछा कि समय रहते भवन की मरम्मत या आवश्यक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

उपायुक्त ने इस लापरवाही पर विद्यालय प्रधानाध्यापक, शिक्षक, बीआरपी-सीआरपी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कार्रवाई के संकेत दिए।


निगरानी में है विद्यालय भवन, जल्द होगी उचित मरम्मत

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय भवन की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जल्द ही स्थायी समाधान हेतु कदम उठाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा और सुरक्षा प्रभावित न हो।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version