Home NEWS BOKARO रोटरी क्लब चास ने चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र में चलाया सुरक्षित मातृत्व...

रोटरी क्लब चास ने चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र में चलाया सुरक्षित मातृत्व जागरूकता अभियान

0

रोटरी क्लब चास ने चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र में चलाया सुरक्षित मातृत्व जागरूकता अभियान

बोकारो: रोटरी क्लब चास द्वारा चंदनक्यारी प्रखंड के चंद्रा स्थित चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं को मातृ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं रोटरी क्लब चास की अध्यक्ष डिंपल कौर ने कहा, “गर्भावस्था, प्रसव और प्रसवोत्तर अवधि के दौरान महिलाओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती है।”

डॉ. अनुपमा वर्मा ने कहा कि “मातृ स्वास्थ्य में सुधार एक सतत प्रक्रिया है, और इसके माध्यम से ही मातृ मृत्यु दर और गंभीर बीमारियों को कम किया जा सकता है।”

कार्यक्रम के दौरान डॉ. परिंदा ने अच्छे पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं डॉ. सुमन ने कहा, “स्वस्थ परिवार की नींव एक स्वस्थ मां होती है।”

चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र की संचालिका लिंडसे बार्न ने ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास की आवश्यकता जताई। उन्होंने यह भी घोषणा की कि, “दूसरी बेटी के जन्म पर चेतना महिला स्वास्थ्य केंद्र की ओर से मां के साथ खुशियां बांटी जाएंगी।” उन्होंने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना की।

इस मौके पर रोटरी क्लब की ओर से डॉ. सुमन और पूनम अग्रवाल के सहयोग से केंद्र को बेबी किट्स, गर्भवती महिलाओं के लिए ब्लड प्रेशर मॉनिटर, स्टेथोस्कोप, वजन मापने की मशीन और अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संजय बैद, बिनोद चोपड़ा, कुमार अमरदीप, धनेश बंका, मंजीत सिंह, चनप्रीत सिंह, हरबंस सिंह, शैल रस्तोगी, पूजा बैद, लावण्या रस्तोगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version