Home NEWS रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण से पहले रक्षा राज्य मंत्री संजय...

रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण से पहले रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने की प्रेस वार्ता, कहा- यह रांचीवासियों का सपना पूरा होने जैसा

0

रांची: रांची के रातू रोड में नवनिर्मित एलिवेटेड कॉरिडोर के आगामी 3 जुलाई को होने वाले लोकार्पण से पहले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने मंगलवार को अपने केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से संवाद किया। उनके साथ रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल भी मौजूद थे।

संजय सेठ ने इसे रांचीवासियों के लंबे समय से अधूरे सपने के पूरे होने की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रयास से ₹558 करोड़ की लागत से बना यह एलिवेटेड कॉरिडोर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत देगा।


रांची की जनता को दिया सौगात को संभालने का संदेश

सेठ ने नागरिकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस नई सौगात को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने एलिवेटेड कॉरिडोर के लोकार्पण अवसर पर श्री नितिन गडकरी के ऐतिहासिक स्वागत की बात कही।
लोकार्पण कार्यक्रम 3 जुलाई को सुबह 11 बजे ओटीसी ग्राउंड में होगा, जहां एक आमसभा भी आयोजित की जाएगी।


बिजली पर सरचार्ज और रांची की बदहाली पर राज्य सरकार को घेरा

संजय सेठ ने झारखंड सरकार द्वारा नगर निकायों में बिजली पर 5% सरचार्ज लगाने के प्रस्ताव को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब नगर निगम पहले ही ₹39 करोड़ होल्डिंग टैक्स वसूल चुका है, तब फिर से वसूली का प्रयास जनता का शोषण है।
उन्होंने रांची की दुर्दशा—गड्ढों से भरी सड़कों, जलजमाव और पाइपलाइन कार्य के नाम पर खोदाई—की ओर इशारा करते हुए इसे नगर निगम की विफलता करार दिया।


विधायकों ने उठाया सड़कों की दुर्दशा और ट्रैफिक जाम का मुद्दा

सीपी सिंह ने कहा कि पाइप बिछाने और सीवरेज कार्य के नाम पर रांची की सड़कें तबाह कर दी गई हैं। विधानसभा में सवाल उठाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नवीन जायसवाल ने कहा कि वर्षों से रातू रोड के लोग ट्रैफिक जाम से परेशान थे, लेकिन अब गडकरी जी के आशीर्वाद से यह क्षेत्र जाम मुक्त होगा। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रांची को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है और नगर निगम ‘नरक निगम’ में तब्दील हो चुका है।


कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

इस प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो, और मांडर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सन्नी टोप्पो भी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version