Home NEWS BOKARO झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की मांग, JASM प्रतिनिधि मंडल ने बोकारो...

झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की मांग, JASM प्रतिनिधि मंडल ने बोकारो उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

0

उपायुक्त ने कहा- शीघ्र मिलेगा पहचान पत्र और प्रशस्ति पत्र

बोकारो: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा (JASM) के तत्वावधान में बोकारो जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में वर्ष 2018 से अब तक चिन्हित एवं अधिसूचित अलग राज्य आंदोलनकारियों को मान-सम्मान, प्रशस्ति पत्र, पहचान पत्र और ताम्रपत्र नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की गई।

विशेष समारोह की मांग

प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त से आग्रह किया कि जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष समारोह आयोजित कर सभी झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाए। इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी पत्र (पत्रांक-3108, दिनांक 30.07.2025) की प्रति भी उपायुक्त को सौंपी, जिसमें स्पष्ट रूप से आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र देने का प्रावधान बताया गया है।

उपायुक्त का आश्वासन

उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों के पहचान पत्र और प्रशस्ति पत्र प्रेस में प्रिंटिंग के लिए भेजे जा चुके हैं। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, सभी चिन्हित आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

वार्ता के दौरान मौजूद अधिकारी और आंदोलनकारी

इस मौके पर अपर समाहर्ता बोकारो मो. मुमताज अंसारी, उप-विकास आयुक्त शताब्दी मजुमदार, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन/जिला ग्रामीण निदेशक मेनका सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतिनिधि मंडल में मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजदेव माहथा, संरक्षक खिलोधर महतो, जिला कोषाध्यक्ष अमिर शेख, चास प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रखंड सचिव संजय लाल माहथा, जिला उपाध्यक्ष सुनील महतो, जिला सचिव खगेन्द्र नाथ वर्मा, महानगर अध्यक्ष ज्योति लाल महतो, सचिव राम पद महतो, चास नगर अध्यक्ष बिमल चन्द्र महतो सहित दर्जनों आंदोलनकारी शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version