जामताड़ा में यादव महासभा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, पीड़ित को न्याय व दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जामताड़ा, झारखंड: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हाल ही में घटी अमानवीय घटना के विरोध में जामताड़ा जिला यादव महासभा ने एकजुट होकर शांति पूर्ण प्रदर्शन किया। महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने दिनेश यादव के नेतृत्व में जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे महासभा के जिला अध्यक्ष गौर चंद्र यादव ने कहा कि इटावा में यादव समाज के एक कथावाचक के साथ जो अत्याचार हुआ है, वह केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि पूरे समाज की गरिमा पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो यह असंतोष का कारण बन सकता है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि:
-
पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए,
-
दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो,
-
समाज में सुरक्षा की भावना को बल मिले,
-
सभी नागरिकों को समान अधिकार की गारंटी दी जाए।
डीसी रवि आनंद ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि ज्ञापन को शीघ्र राष्ट्रपति सचिवालय तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन समाज की एकता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन से यह स्पष्ट संदेश गया कि यादव समाज अन्याय के खिलाफ संगठित और संवेदनशील है। मौके पर समर माजी, डॉ. नंद कुमार यादव, बबलू यादव, उमाशंकर यादव और पिंटू यादव जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।
