Home CRIME प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे...

प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

0
धनबाद में प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एक करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला, पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद किया खुलासा

धनबाद: धनबाद पुलिस को रंगदारी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू की।

मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का इस्तेमाल कर गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद के एक अस्पताल संचालक से भी रंगदारी मांगने के लिए फोन किया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

धनबाद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और रंगदारी मांगने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version