Home NEWS BOKARO ❇️ बीएसएल विस्तारीकरण और पत्रकारों के बीमा लाभ को लेकर राज्यपाल से...

❇️ बीएसएल विस्तारीकरण और पत्रकारों के बीमा लाभ को लेकर राज्यपाल से मिले भाजपा नेता कुमार अमित

0

ज्ञापन सौंपकर उठाई विस्थापन नीति, विधि व्यवस्था और पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा की माँग

बोकारो: बोकारो भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने गुरुवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के स्थगित विस्तारीकरण योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने, राज्य में विस्थापन पुनर्वास नीति लागू करने और पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा व पेंशन योजना का लाभ दिलाने की माँग की।

कुमार अमित ने कहा कि बीएसएल विस्तारीकरण परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि राज्य सरकार इस दिशा में गंभीर पहल करे।

🔎 विस्थापन पुनर्वास नीति और विधि व्यवस्था पर जोर

भाजपा नेता ने कहा कि औद्योगिकरण के दौरान बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए, लेकिन उनकी समस्याओं का आज तक पूर्ण समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार एक सुदृढ़ विस्थापन पुनर्वास नीति और आयोग बनाए, साथ ही बोकारो सहित पूरे झारखंड में कानून व्यवस्था को मजबूत कर औद्योगिक माहौल को अनुकूल बनाया जाए।

📰 पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा

पत्रकारों की समस्याओं को उठाते हुए कुमार अमित ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा बनाई गई पत्रकार सम्मान नियमावली अत्यधिक जटिल है, जिसके कारण आज तक किसी पत्रकार को बीमा या पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने इस नियमावली को सरल बनाने और पड़ोसी राज्यों की तर्ज पर पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा और पेंशन उपलब्ध कराने की मांग की।

कुमार अमित का कहना था कि इससे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और मजबूत होगा।

📌 राज्यपाल का आश्वासन

राज्यपाल संतोष गंगवार ने सभी बिंदुओं पर गंभीर पहल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कमल राज, सुजीत झा, तुषार, देशबंधु मिश्रा और अमृत राज भी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version