Home NEWS BOKARO बोकारो में स्वच्छता पखवाड़ा: उपायुक्त अजय नाथ झा ने दिया संदेश

बोकारो में स्वच्छता पखवाड़ा: उपायुक्त अजय नाथ झा ने दिया संदेश

0

“गंदगी सिर्फ़ बाहर नहीं, मन से भी हटानी होगी”

बोकारो: नमामि गंगे योजना अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा के तहत गुरुवार को जिले में “एक दिन – एक घंटा – एक साथ” स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्वयं झाड़ू थामकर नेतृत्व किया और संदेश दिया कि गंदगी सिर्फ़ सड़क पर नहीं, बल्कि हमारे मन में भी होती है, जिसे हटाना ही सच्ची स्वच्छता है।

सफाईकर्मी समाज के अदृश्य नायक

डीसी ने कहा कि सफाईकर्मी दिन-रात समाज की सेवा करते हैं। उनका सम्मान मन से आना चाहिए। जिस तरह हम ईश्वर के आगे सिर झुकाते हैं, वैसे ही हमें सफाई कर्मियों को भी सम्मान देना चाहिए। त्योहारों के दौरान जब लोग घरों में व्यस्त रहते हैं, तब सफाईकर्मी रात-रात भर सड़कों और गलियों की सफाई में जुटे रहते हैं।

अधिकारी और कर्मचारी भी उतरे सफाई में

समाहरणालय परिसर का नज़ारा आम दिनों से अलग था। उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका समेत अधिकारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सफाई अभियान चलाया। संदेश दिया गया कि स्वच्छता पद या जिम्मेदारी से नहीं, बल्कि आदत और मन की इच्छा से आती है।

100 घंटे सफाई के लिए दें – डीसी

अभियान के दौरान डीसी ने अपील की कि हर नागरिक साल भर में कम से कम 100 घंटे अपने घर-परिसर और आसपास की सफाई में लगाएं। इससे शहर और गांव हमेशा साफ-सुथरे रहेंगे।

अमृत पार्क में गूंजी स्वच्छता शपथ

गरगा पुल स्थित अमृत पार्क में बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ स्वच्छता शपथ ली। डीसी ने लोगों को संकल्प दिलाया कि वे न केवल स्वयं सफाई करेंगे, बल्कि कम-से-कम 100 अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

अभियान में जनभागीदारी

इस मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, एनडीसी प्रभाष दत्ता, डीएसओ शालिनी खालखो, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, विभिन्न पदाधिकारी, कर्मी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
अभियान में सीआरपीएफ बोकारो यूनिट, चास नगर निगम, विभिन्न विद्यालय, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सूचना भवन परिसर और प्रखंडों में भी चला अभियान

उपायुक्त के निर्देश पर सूचना भवन परिसर में भी डीपीआरओ रवि कुमार और एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों में एसडीओ और बीडीओ की अगुवाई में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक सफाई की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version