Home NEWS BOKARO बोकारो स्टील प्लांट में मजदूरों का आक्रोश: 05 सितम्बर को पूर्ण हड़ताल...

बोकारो स्टील प्लांट में मजदूरों का आक्रोश: 05 सितम्बर को पूर्ण हड़ताल की चेतावनी

0

मजदूरों का आरोप: उत्पादन बढ़ा, पर इनसेंटिव घटा

बोकारो:क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ (हिन्द मजदूर सभा से सम्बद्ध) ने आज ब्लास्ट फर्नेस नं. 03 ट्रैफिक स्टेशन पर कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस और ट्रैफिक विभाग के मजदूरों की संयुक्त सभा की। सभा में भारी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे और 05 सितम्बर को घोषित पूर्ण हड़ताल के समर्थन में प्रतिबद्धता जताई।

सभा को सम्बोधित करते हुए संघ के महामंत्री सह एनजेसीएस सदस्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि मजदूरों की मेहनत के बावजूद बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन उनकी मेहनताना घटा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया—

  • पहले कम उत्पादन पर भी मजदूरों को लगभग ₹6000 का इन्सेंटिव रिवॉर्ड मिलता था।

  • आज रिकॉर्ड उत्पादन के बाद भी इन्सेंटिव केवल ₹700 से ₹1000 तक सीमित है।

  • अधिकारी मजदूरों का हक काटकर पीआरपी का लाभ उठा रहे हैं।

ठेका मजदूरों की दयनीय हालत

संघ नेताओं ने ठेका मजदूरों की दुर्दशा पर भी कड़ा आक्रोश जताया।

  • मजदूर बिना साप्ताहिक छुट्टी ₹350 प्रतिदिन की मजदूरी पर काम करने को मजबूर हैं।

  • स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, शिक्षा और आवास की कोई व्यवस्था नहीं।

  • ग्रेच्युटी, प्रमोशन और नाइट शिफ्ट एलाउंस जैसी बुनियादी मांगों पर भी कोई चर्चा नहीं।

सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति

सभा में कहा गया कि बोकारो स्टील प्लांट में सुरक्षा केवल नारों और कागजों तक सीमित है।

  • मजदूरों को 2000 डिग्री तापमान पर भी बिना फायर रेसिस्टेंट सूट (FR Suit) के काम करना पड़ता है।

  • हाल ही में ठेका मजदूर विनय कुमार की कार्यस्थल दुर्घटना में जलकर मौत हो गई।

  • नेताओं ने इसे “दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या” करार दिया।

05 सितम्बर को ठप्प होंगे तीन बड़े विभाग

नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 03 सितम्बर को सहायक श्रमायुक्त के समक्ष होने वाली वार्ता विफल होती है और प्रबंधन मजदूरों की मांगों को मानने से इंकार करता है, तो 05 सितम्बर को कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस और ट्रैफिक विभाग पूरी तरह से ठप्प रहेंगे।

सभा को राजेंद्र सिंह के साथ-साथ विपिन कुमार, सुभाष चंद्र कुंभकार, शशिभूषण, अंबेदकर, मो. इरफान, बासुदेव कुंभकार, उत्तम मिश्रा, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार, मो. शकील, महानंद, दुर्गेश कुमार, विनोद शाव और राहुल ने सम्बोधित किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version