Home NEWS BOKARO Bokaro News: सोशल मीडिया पर शिकायत मिलते ही हरकत में आया जिला...

Bokaro News: सोशल मीडिया पर शिकायत मिलते ही हरकत में आया जिला प्रशासन, बुजुर्ग लोबिन हेंब्रम के घर पहुंची बीडीओ |

0

डीसी अजय नाथ झा के निर्देश पर तत्काल जांच, पेंशन प्रक्रिया शुरू, दिव्यांग पुत्र के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की पहल

बोकारो | 01 जुलाई 2026 : बोकारो में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की। कसमार प्रखंड के तेलमुंगा गांव निवासी बुजुर्ग लोबिन हेंब्रम और उनके दिव्यांग पुत्र की समस्याओं की जानकारी मिलते ही उपायुक्त अजय नाथ झा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद बीडीओ नम्रता जोशी स्वयं गांव पहुंचीं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई।


बोकारो में सोशल मीडिया शिकायत पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कसमार प्रखंड के तेलमुंगा गांव निवासी लोबिन हेंब्रम एवं उनके दिव्यांग पुत्र कालिदास हेंब्रम को पेंशन नहीं मिलने की सूचना सामने आने के बाद जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कसमार की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी को मौके पर जाकर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बीडीओ ने घर पहुंचकर सुनी परिवार की समस्याएं

डीसी के निर्देश के बाद बीडीओ नम्रता जोशी पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव और वार्ड सदस्य के साथ लोबिन हेंब्रम के घर पहुंचीं। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति की जानकारी ली, दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

जाति प्रमाण पत्र नहीं होने से रुकी थी पेंशन

जांच में पाया गया कि मतदाता पहचान पत्र के अनुसार लोबिन हेंब्रम की आयु 52 वर्ष है। उनका जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया लंबित थी। मौके पर ही पंचायत सचिव एवं वीएलई की सहायता से उनका ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र आवेदन कराया गया ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

दिव्यांग पुत्र को मिलेगी बैटरी चालित ट्राइसाइकिल

लोबिन हेंब्रम के दिव्यांग पुत्र कालिदास हेंब्रम के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। संबंधित विभाग को आवेदन भेजा गया है ताकि उन्हें जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं सुकुरमनी देवी के दस्तावेजों का भी सत्यापन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

डीसी बोले- कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर भी प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version