Home NEWS BOKARO बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लाख ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा,...

बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 लाख ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

0
फुसरो बाजार ज्वेलरी चोरी केस सुलझा, उड़ीसा से आरोपी निसार अली उर्फ काला गिरफ्तार

फुसरो बाजार ज्वेलरी चोरी केस सुलझा, उड़ीसा से आरोपी निसार अली उर्फ काला गिरफ्तार

बोकारो | बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फुसरो बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान से 15 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में किया।

यह घटना 29 मार्च 2026 की है, जब पेटरवार थाना क्षेत्र के निवासी राजेंद्र प्रसाद दास की सोना-चांदी की दुकान से अज्ञात चोरों ने करीब 15 लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली थी। इस संबंध में बेरमो थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरह की वारदात चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में भी हो चुकी है, जिससे अंतरराज्यीय गिरोह की सक्रियता की आशंका मजबूत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डंप और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी।

एसपी के निर्देश पर बेरमो और चंद्रपुरा थाना की संयुक्त टीम को उड़ीसा भेजा गया, जहां छापेमारी कर आरोपी निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदारों को बातचीत में उलझाकर ज्वेलरी चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के गहने भी बरामद किए हैं।

बरामद सामान में 4 सोने की चेन और 30 जोड़ी ईयर रिंग शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 65.19 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version