0

बोकारो में लगातार बारिश से हालात बदतर, बीएसएल क्षेत्र की सड़कें जलमग्न

बोकारो: मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। भारी बारिश के चलते बोकारो के कई इलाकों में सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है, खासकर बीएसएल क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसंती मोड़ से महुआर तक की सड़क बारिश के चलते बदहाल हो चुकी है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के पानी से लबालब भर चुके हैं, जिससे राहगीरों का चलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के कारण कई बार लोग गड्ढों में गिर चुके हैं। इसके बावजूद बीएसएल प्रशासन की ओर से किसी तरह की मरम्मत या सुधार कार्य नहीं कराया गया है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बीएसएल के गेट नंबर-3 के जरिए सैकड़ों कर्मचारी प्लांट तक पहुंचते हैं। मगर जलभराव और टूटी सड़कों की वजह से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

लोगों ने आरोप लगाया है कि बीएसएल प्रशासन इस क्षेत्र की लगातार अनदेखी कर रहा है। मानसून की शुरुआत में ही जिस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई है, वह आने वाले समय में और गंभीर हो सकती है।

बड़ा सवाल यह है कि कब तक प्रशासन इन समस्याओं की अनदेखी करता रहेगा? वर्तमान में बोकारो की जनता को न सिर्फ बारिश की मार झेलनी पड़ रही है, बल्कि टूटी सड़कों और जलभराव की दोहरी मार भी सहनी पड़ रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version