राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को सशक्त करने का माध्यम – संतोष कुमार महतो
बेरमो/पेटरवार: उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा “बधाई हो, बेटी हुई है” कार्यक्रम का आयोजन अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार के मातृ–शिशु वार्ड में किया गया।
इस अवसर पर सीडीपीओ पेटरवार चंदा रानी, बीडीओ पेटरवार संतोष कुमार महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुंदन राज, सीडीपीओ बेरमो गीता कुमारी सोय, डॉ. शिवानी (प्रभारी, अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो), डॉ. राहुल सिन्हा (उपाधीक्षक), हेल्थ मैनेजर संजय प्रसाद, जीएन अलका वर्मा तथा महिला पर्यवेक्षिका समेत अन्य पदाधिकारी एवं परिजन उपस्थित रहे।
नवजात बेटियों के अभिभावकों को दी बधाई, मिठाई खिलाकर मनाई खुशी
कार्यक्रम के दौरान सभी पदाधिकारियों ने नवजात बेटियों के अभिभावकों को बेटी के जन्म की बधाई दी। मिठाई खिलाकर और केक काटकर इस खुशी को साझा किया गया। साथ ही प्रसव के पश्चात आवश्यक मेडिकल किट और बच्चों से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई। मौके पर पारिवारिक गीत गाए गए, जिससे माहौल और अधिक जीवंत हो उठा।
“बेटियों को बोझ नहीं, सौभाग्य समझें” – बीडीओ पेटरवार
बीडीओ संतोष कुमार महतो एवं सीडीपीओ ने कहा कि बेटियों के जन्म को अब समाज में खुशी और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि जब तक मानसिक स्तर पर बेटियों को समानता का भाव नहीं मिलेगा, असली बदलाव संभव नहीं है। समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा में बेटियों को बराबरी का अवसर देना होगा।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना : महिलाओं के लिए सशक्तिकरण का माध्यम
बीडीओ महतो ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का एक बड़ा कदम है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को आगे बढ़ने की पूरी आज़ादी देने और उनका हौसला बढ़ाने की अपील की।







