पेटरवार में NH-320 पर वाहन जांच अभियान, मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघन पर भारी जुर्माना
पेटरवार, बोकारो: राष्ट्रीय राजमार्ग 320 पर पेटरवार थाना क्षेत्र में आज जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) वंदना सेजवलकर के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 08 वाहनों से मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर ₹1,12,000 (एक लाख बारह हजार रुपये) का जुर्माना वसूला गया।
यह अभियान उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना और वाहन चालकों में जागरूकता लाना था।
जांच में क्या-क्या देखा गया?
फिटनेस सर्टिफिकेट
रिफ्लेक्टिव टेप
ओवरलोडिंग
रोड टैक्स भुगतान
हेलमेट, लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन
पॉल्यूशन सर्टिफिकेट
सीट बेल्ट का प्रयोग
डीटीओ वंदना सेजवलकर ने पेटरवार प्रखंड के विभिन्न चौक-चौराहों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जांच की। इस दौरान कई वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।







