कथारा में कोयला लदी हाइवा पलटी, 33 केवीए बिजली पोल टूटा, साड़म क्षेत्र की आपूर्ति ठप्प
बोकारो: बोकारो जिले के सीसीएल कथारा क्षेत्र में गोविंदपुर से कथारा की ओर आ रही कोयला लदी एक हाइवा बुधवार की तड़के कोनार नदी के किनारे पंप हाउस के समीप हीरक रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हाइवा (क्रमांक JH09AB/1709) के पलटने से झारखंड सरकार के 33 केवीए लोहे का एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण साड़म और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई है।
बिजली विभाग की टीम जुटी बहाली में
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली बहाली के प्रयास में जुट गई। विभागीय कर्मियों के अनुसार, जब तक हाइवा को गड्ढे से हटाया नहीं जाता, तब तक बिजली आपूर्ति चालू करना संभव नहीं है, क्योंकि क्रेन से वाहन निकालने में ऊपर तार बाधा बन सकते हैं।
चालक फरार, कंपनी का नाम सामने आया
बताया गया कि यह हाइवा बीडीएस ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के अधीन चल रही थी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मौके से गाड़ी नंबर, चालान नंबर और वजन आदि से जुड़ा एक कार्बन पैड भी बरामद किया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ओवरस्पीडिंग और अधिक ट्रिप लगाने की जल्दी में चालक अक्सर रात के समय वाहन नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं घटती हैं।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर
प्रशासन की ओर से स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है। देर शाम तक वाहन मालिक से संपर्क करने का प्रयास चलता रहा, ताकि बिजली बहाली कार्य जल्द शुरू किया जा सके।







