सीएसआर पहल के तहत जिले के CHC, SDH और सदर अस्पतालों को मिलेगा स्क्रीनिंग सहयोग, 2 आरबीएसके इकाइयां भी होंगी सशक्त
बोकारो | मंगलवार
बोकारो जिले में सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया की समय पर पहचान और स्क्रीनिंग को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। विकास सारथी, सीआईएल एवं जेएचपीआईईजीओ के सहयोग से जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में स्क्रीनिंग सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस पहल के तहत 14 स्क्रीनिंग मशीन उपलब्ध कराने के साथ 2 आरबीएसके इकाइयों को भी आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
CHC, SDH और सदर अस्पताल में मिलेगी स्क्रीनिंग सुविधा
जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सदर अस्पताल को स्क्रीनिंग व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
समय पर पहचान और उपचार पर फोकस
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर प्रभावित लोगों को समय पर जांच, परामर्श और उपचार से जोड़ना है। खासकर बच्चों और युवाओं की स्क्रीनिंग से संभावित मामलों की पहचान में मदद मिलेगी।
स्क्रीनिंग किट और संसाधन भी होंगे उपलब्ध
सीएसआर के तहत स्क्रीनिंग कार्य के लिए आवश्यक किट एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। स्क्रीनिंग में संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों को जरूरत के अनुसार आगे की जांच और उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जाएगा।
सदर अस्पताल में प्रशिक्षु आईएएस ने लिया जायजा
मंगलवार को प्रशिक्षु आईएएस श्री अरविंद राधाकृष्णन ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया स्क्रीनिंग के लिए उपलब्ध मशीन की जानकारी ली। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद एवं सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह से मशीन के संचालन, स्क्रीनिंग प्रक्रिया और तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने स्क्रीनिंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।




