डीजीसीए निरीक्षण से पहले एयरपोर्ट की तैयारियों की समीक्षा, एएआई और बीएसएल अधिकारियों को साफ-सफाई व परिचालन व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश
बोकारो 30 जुलाई 2026 : बोकारो एयरपोर्ट को जल्द परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और बीएसएल अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रनवे, बोर्डिंग एरिया और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। डीजीसीए के प्रस्तावित निरीक्षण से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बोकारो एयरपोर्ट के विकास को लेकर प्रशासन सक्रिय, डीसी ने किया संयुक्त निरीक्षण
बोकारो एयरपोर्ट के विकास एवं संभावित परिचालन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) एवं बीएसएल के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट परिसर, रनवे, बोर्डिंग एरिया तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण में प्रबंध निदेशक, झारखंड सिविल एविएशन कैप्टन एस. पी. सिन्हा, प्रशिक्षु आईएएस श्री अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता श्री सुनील चन्द्र, एएआई के श्री मनोज कुमार, सेल एविएशन के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीजीसीए निरीक्षण से पहले साफ-सफाई पर विशेष जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के प्रस्तावित निरीक्षण से पहले एयरपोर्ट परिसर की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। परिसर में उगी घास, झाड़ियां और अन्य अवांछित वनस्पतियों को हटाकर पूरे क्षेत्र को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने को कहा गया।
ऑपरेशन और मेंटेनेंस की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने एएआई और सेल के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक पत्राचार कर लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि एयरपोर्ट संचालन की दिशा में तेजी लाई जा सके।
बोकारो में हवाई सेवा की उम्मीदें बढ़ीं
संयुक्त निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट के विकास, संचालन और रखरखाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर बोकारो एयरपोर्ट को परिचालन के लिए तैयार किया जाएगा।




