विशेष शिविर में 4 दिनों में 743 लंबित मामलों का निपटारा, उपायुक्त ने युवाओं से वैध लाइसेंस बनवाने की अपील
बोकारो | 29 जुलाई 2026
बोकारो में सड़क सुरक्षा और सुगम परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। मंगलवार को परिवहन विभाग एवं टाटा मोटर्स के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग, ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर), जमशेदपुर की स्थापना के लिए आयोजित राज्य स्तरीय एमओयू कार्यक्रम का सीधा प्रसारण झारनेट के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए, जबकि बोकारो से उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के समापन के बाद उपायुक्त ने 29 वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस और हेल्मेट प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक पात्र चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
चार दिनों में 743 लंबित आवेदनों का निपटारा
जिले में आयोजित विशेष शिविर के दौरान कुल 334 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 241 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। वहीं, सारथी ऐप पर 23 जुलाई तक लंबित 836 मामलों में से मात्र चार दिनों के भीतर 743 आवेदनों का सफल निष्पादन कर दिया गया, जिससे आवेदकों को बड़ी राहत मिली।
भारी वाहन चालकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर
उपायुक्त ने बताया कि बोकारो जिले में हर वर्ष लगभग 600 भारी वाहन चालकों के लाइसेंस जारी किए जाते हैं। पिंड्राजोड़ा और चंदनकियारी स्थित प्रशिक्षण केंद्रों में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे सड़क सुरक्षा के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




