एब्डोमिनल हिस्टरेक्टमी सफल, मरीज की हालत स्थिर; सदर अस्पताल में बढ़ रहा जटिल ऑपरेशनों का दायरा
बोकारो | बोकारो सदर अस्पताल में एक बार फिर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। अस्पताल में 50 वर्षीय महिला की सफल एब्डोमिनल हिस्टरेक्टमी (बच्चेदानी निकालने की सर्जरी) की गई। ऑपरेशन सफल रहने के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई गई है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
लंबे समय से स्त्री रोग से थीं पीड़ित
जानकारी के अनुसार महिला लंबे समय से स्त्री रोग संबंधी समस्या से जूझ रही थीं। आवश्यक जांच और विशेषज्ञ परामर्श के बाद डॉक्टरों ने एब्डोमिनल हिस्टरेक्टमी करने का निर्णय लिया। पूरी शल्य प्रक्रिया विशेषज्ञता और सावधानी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
ऑपरेशन का नेतृत्व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा ने किया, जबकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिन्हा ने एनेस्थीसिया प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई। सफल सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति सामान्य और स्थिर है।
महिलाएं समय पर कराएं जांच : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से अब जटिल शल्य चिकित्सा भी सफलतापूर्वक की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी स्त्री रोग संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर उपचार कराएं।
गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क इलाज के लिए प्रतिबद्ध अस्पताल
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि अस्पताल आम लोगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी।




