सेक्टर-12 स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कार्यों की समीक्षा की, अगस्त 2027 से MBBS पढ़ाई शुरू करने का लक्ष्य।
बोकारो | 10 जून 2026
बोकारोवासियों के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी है। सेक्टर-12 स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना तेजी से आकार ले रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
बोकारो मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और कार्यदायी एजेंसियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि मार्च 2027 तक अस्पताल को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदन प्रक्रिया भी मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।
वीडियो देखें :
अगस्त से शुरू हो सकती है MBBS की पढ़ाई
अजय कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र अगस्त 2027 से शुरू करने की योजना है। जुलाई-अगस्त तक पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर को संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक है और इसे तय समय के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
भविष्य में बढ़ेंगी MBBS सीटें
उन्होंने जानकारी दी कि प्रारंभिक चरण में स्नातक (UG) स्तर की पढ़ाई शुरू होगी। बाद में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम भी शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। वर्तमान में 100 MBBS सीटों के साथ शुरुआत की योजना है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 से 200 सीटों तक करने का प्रयास किया जाएगा।
इस परियोजना के शुरू होने से बोकारो और आसपास के जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।




