नवादा से दबोचा गया आरोपी लवकुश यादव, पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में था वांछित
धनबाद | 27 मई 2026
धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी लवकुश कुमार यादव को बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
4 मई को सामने आया था मामला
जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को धनसार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर धनसार थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी लवकुश कुमार यादव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शुरुआती छापेमारी में फरार मिला आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन वह अपने घर से फरार मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया।
तकनीकी जांच से बिहार में मिला सुराग
एसआईटी टीम ने लगातार तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बिहार के नवादा जिले में छिपा हुआ है।
इसके बाद पुलिस टीम ने बिहार के रजौली थाना क्षेत्र स्थित लेंगुरा तुलसीबीघा गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के न्यू दिल्ली कॉलोनी निवासी लवकुश कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस अभियान में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।








