सेक्टर-4 सिटी सेंटर में महिला से चेन छिनतई मामले का खुलासा, आरोपी के खिलाफ 16 आपराधिक मामले दर्ज
बोकारो | 14 मई 2026
बोकारो पुलिस ने सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी भारत गुरुदास वासवाणी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के सोने का टुकड़ा, काले रंग का टोपी और मुंह ढकने वाला कपड़ा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
सिटी सेंटर में हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में प्लॉट नंबर HA-07 के पास अज्ञात अपराधी द्वारा महिला से चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 36/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बोकारो मॉल के पास से दबोचा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी भारत गुरुदास वासवाणी को बोकारो मॉल के सामने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चेन स्नैचिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल सामान और छीना गया सोना बरामद किया।
बरामद सामान
- एक टूटा हुआ सोने का टुकड़ा
- काले रंग की टोपी
- मुंह ढकने वाला काला कपड़ा
- टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल (BR02BZ-8727)
- वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी भारत गुरुदास वासवाणी के खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, छिनतई और अन्य अपराधों के कुल 16 मामले दर्ज हैं। इनमें नागपुर, अमरावती और राजापेठ थाना क्षेत्र के कई संगीन मामले शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
बोकारो पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित घटनाओं को लेकर आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी गैंग के साथ मिलकर जिले में वारदातों को अंजाम दे रहा था या नहीं।







