स्थानीय रोजगार, मजदूर अधिकार और CSR कार्यों को लेकर उठी आवाज, DC ने दिए जांच के निर्देश
बोकारो जिले में वेदांता इलेक्ट्रो स्टील लिमिटेड के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक ने मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा को 13 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
विधायक ने कहा कि प्लांट स्थापना के समय स्थानीय लोगों ने अपनी पुश्तैनी जमीन इस उम्मीद के साथ दी थी कि उन्हें रोजगार और क्षेत्र का विकास मिलेगा, लेकिन उत्पादन शुरू होने के बाद से स्थानीय रैयतों, मजदूरों और युवाओं को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा लगातार मनमानी, ठेका प्रथा, वेतन विसंगतियां और स्थानीय लोगों की उपेक्षा की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ रहा है।
ज्ञापन में ग्रीवांस सेल के मामलों का 15 दिनों में निष्पादन, ठेका मजदूरों की पुनर्बहाली, समान काम के लिए समान वेतन, 100 प्रतिशत स्थानीय नियोजन और आकस्मिक मृत्यु पर 25 लाख रुपये मुआवजा जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। इसके अलावा CSR के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास की भी मांग की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को जांच और सुनवाई के निर्देश दिए हैं।







